लखीमपुर-खीरी,25 जुलाई(तरुणमित्र)। लखनऊ पब्लिक स्कूल, लखीमपुर शाखा में ‘बगीरा एडवेंचर्स’ के सौजन्य से एक दिवसीय साहसिक एवं मनोरंजक कैंप का भव्य आयोजन किया गया। कैंप में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह, उमंग और जोश के साथ भाग लेते हुए विभिन्न रोमांचक गतिविधियों का भरपूर आनंद उठाया।
कैंप के दौरान बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं रचनात्मक विकास को ध्यान में रखते हुए डॉल्फिन पूल, स्नो डांस, ट्रामपोलिन, बंजी जंप और जोरब रोलर जैसी आकर्षक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इन रोमांचक खेलों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
विद्यालय प्रबंधन ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी गतिविधियों का संचालन प्रशिक्षित विशेषज्ञों की देखरेख में सुरक्षित एवं नियंत्रित वातावरण में कराया, जिससे बच्चों ने बिना किसी चिंता के साहसिक खेलों का आनंद लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय सचदेवा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल पुस्तकीय ज्ञान ही पर्याप्त नहीं होता। इस प्रकार की साहसिक एवं रचनात्मक गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और दृढ़ इच्छाशक्ति जैसे महत्वपूर्ण गुणों का विकास करती हैं तथा उन्हें नई चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित करती हैं।
कार्यक्रम का समापन बच्चों के मुस्कुराते चेहरों, उत्साहपूर्ण माहौल और अविस्मरणीय यादों के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए इस प्रकार के आयोजन निरंतर कराने की प्रतिबद्धता जताई।