पिता को खो चुके दो मासूमों को पूर्व विधायक आर.एस. कुशवाहा,शिक्षा के लिए दी दस हजार की सहायता
शहनूर अली
निघासन-खीरी,24 जुलाई(तरुणमित्र)। सड़क दुर्घटना में पिता को खो चुके दो मासूम बच्चों के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगाने के लिए पूर्व विधायक आर.एस. कुशवाहा आगे आए हैं। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के उद्देश्य से ₹10,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की और भविष्य में भी उनकी शिक्षा एवं परिवार की हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया। पूर्व विधायक की इस संवेदनशील पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, निघासन क्षेत्र के ग्राम बंगलहा तकिया निवासी दीपू पाल की गत 8 नवंबर को सिंगाही रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मृत्यु हो गई थी। परिवार के मुखिया के असमय निधन के बाद घर की आर्थिक स्थिति पूरी तरह डगमगा गई। पत्नी कन्यावती सदमे और बीमारी से जूझने लगीं, जबकि आय का कोई स्थायी साधन न होने के कारण दोनों मासूम बच्चों की पढ़ाई भी बीच में रुक गई। परिवार के सामने रोजमर्रा के खर्चों के साथ बच्चों के भविष्य की चिंता भी बड़ी चुनौती बन गई।
जब पूर्व विधायक आर.एस. कुशवाहा को ग्रामीणों के माध्यम से इस परिवार की स्थिति की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए शुक्रवार को अपने पुत्र डॉ. अर्पित कुशवाहा को पीड़ित परिवार के घर भेजा। डॉ. अर्पित ने परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और पूर्व विधायक की ओर से ₹10,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही परिवार को भरोसा दिलाया कि बच्चों की शिक्षा किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होने दी जाएगी और भविष्य में भी आवश्यकतानुसार हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
पूर्व विधायक आर.एस. कुशवाहा ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों का दायित्व है कि वे संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों का सहारा बनें। उन्होंने कहा कि किसी बच्चे की पढ़ाई केवल आर्थिक अभाव के कारण नहीं रुकनी चाहिए। यदि समाज मिलकर ऐसे परिवारों का हाथ थामे तो बच्चों का भविष्य सुरक्षित बनाया जा सकता है।
पूर्व विधायक की इस मानवीय पहल से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है। वहीं, ग्रामीणों ने भी इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सेवा और संवेदनशीलता का संदेश देते हैं तथा जरूरतमंद परिवारों के लिए नई उम्मीद बनते हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
