मितौली-खीरी,24 जुलाई(तरुणमित्र)। उत्तर-प्रदेश के परिषदीय (सरकारी) विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए दाखिले की प्रक्रिया जारी है । उत्तर प्रदेश में स्कूल चलो अभियान 2026-27 के दूसरे चरण का विशेष अभियान 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक चलाया गया था। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य 6 से 14 वर्ष के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को दोबारा स्कूल से जोड़ना था। स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से किया था।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी के कुशल नेतृत्व व खण्ड शिक्षा अधिकारी भगवान राव के कुशल मार्गदर्शन में उच्च प्राथमिक विद्यालय लोहियापुरवा ने अपने पिछले 05 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए नामांकन में बढ़त बनाकर अपना नया रिकॉर्ड बनाया हैं। वर्तमान सत्र में अब तक उच्च प्राथमिक विद्यालय लोहियापुरवा में नवीन नामांकन 43 हुआ है। जो पिछले 5 वर्षों में किसी एक शैक्षिक सत्र में विद्यालय का अब तक का सबसे अधिक नामांकन है । जिसे 'स्कूल चलो अभियान' के तहत और आसान बनाया गया है । शैक्षिक सत्र 2025-26 में 9 , शैक्षिक सत्र 2024-25 में 18 , शैक्षिक सत्र 2023-24 में 29 , शैक्षिक सत्र 2022-23 में 26 व शैक्षिक सत्र 2021-22 में विद्यालय में नवीन नामांकन 30 था।
उच्च प्राथमिक विद्यालय लोहियापुरवा के प्रभारी प्रधानाध्यापक सलीम अहमद ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में नामांकन पूरी तरह से निःशुल्क है और अभिभावक अपने नजदीकी सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक से संपर्क करके सीधे नामांकन करा सकते हैं। नामांकन के लिए आवश्यक दस्तावेज़ नामांकन प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा के लिए अभिभावकों को निम्नलिखित दस्तावेज़ अपने साथ रखने चाहिए बच्चे और माता-पिता का आधार कार्ड, बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो) , राशन कार्ड (APL/BPL/अंत्योदय) की छायाप्रति,बैंक खाता विवरण आदि दस्तावेजों से नामांकन का कार्य पूर्ण कराया जा सकता है। प्रभारी प्रधानाध्यापक सलीम अहमद ने विद्यालय में प्राप्त होने वाली मुख्य सुविधाओं के बारे में बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की 'कायाकल्प' योजना के तहत अब परिषदीय विद्यालयों की तस्वीर काफी बदल चुकी है।
नामांकित बच्चों को सरकार की ओर से ये लाभ मिलते हैं कक्षा 1 से कक्षा 8 तक बिल्कुल निःशुल्क शिक्षा, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और कार्यपुस्तिकाएँ,डीबीटी (DBT) के माध्यम से ड्रेस,जूता-मोजा और बैग के लिए बैंक खाते में धनराशि का हस्तांतरण,निपुण भारत मिशन के तहत आधुनिक डिजिटल और खेल-आधारित शिक्षा,मध्याह्न भोजन (Mid-Day Meal) योजना के तहत पौष्टिक आहार,आदि सुविधाएं बिल्कुल निःशुल्क है।