किसानों के लिए मंडियां बनेंगी सुविधाओं का केंद्र : राज्यमंत्री
नवीन मंडी स्थल का निरीक्षण कर दिनेश प्रताप सिंह ने दिए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
ललित वर्मा
लखीमपुर-खीरी,24 जुलाई(तरुणमित्र)। प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने शुक्रवार को लखीमपुर स्थित नवीन मंडी स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों को किसानों के लिए स्वच्छ, सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाया जाए।
राज्यमंत्री ने कहा कि मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। किसानों के बैठने की व्यवस्था, शीतल पेयजल समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने मंडी परिसर में किसानों के उपयोग के लिए बने चबूतरों पर अवैध कब्जों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। कहा कि इन चबूतरों का इस्तेमाल केवल किसानों के हित में होना चाहिए। मंडियों में अस्थाई अतिक्रमण हटाकर साफ-सफाई और बेहतर वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने मंडी सचिवों को निर्देश दिए कि अपने क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से नियमित संवाद बनाए रखें और विकास कार्यों में उनकी सहमति सुनिश्चित करें। मंडी परिषद की सड़कों की मरम्मत और अन्य जरूरी कार्य भी जनप्रतिनिधियों के सुझाव के अनुसार शीघ्र कराए जाएं। राज्यमंत्री ने साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि मंडियों में ऐसे ठेकेदारों को ही जिम्मेदारी दी जाए, जिनके पास पर्याप्त संसाधन और मानवबल उपलब्ध हो।
औद्यानिक योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाएं
उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि विभाग की सभी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों को लाभ पहुंचाया जाए। पौधशालाओं में गुणवत्तापूर्ण पौधे तैयार कर किसानों को उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसान हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को मिलकर किसान हित, जनहित और राज्यहित में जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।निरीक्षण के दौरान मंडी परिषद और उद्यान विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
हाईटेक नर्सरी से बढ़ेगी बागवानी की रफ्तार : राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कृषि विज्ञान केंद्र मंझरा में परियोजनाओं का किया लोकार्पण
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात दिनेश प्रताप सिंह ने कृषि विज्ञान केंद्र मंझरा में राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत उद्यान विभाग की हाईटेक नर्सरी और राजकीय पौधशालाओं के सुदृढ़ीकरण परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
राज्यमंत्री ने कहा कि हाईटेक नर्सरी से किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री उपलब्ध होगी और बागवानी क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में औषधीय एवं सुगंधीय पौधों की वाटिका का निरीक्षण कर पौधों के संरक्षण और उपयोगिता की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाया जाए और गुणवत्तापूर्ण पौधे उपलब्ध कराए जाएं।
मौजूद किसानों का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि किसान ड्रिप स्प्रिंकलर सिंचाई योजना का लाभ उठाएं। योजना के तहत 80 से 90 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध है, जिससे कम पानी में बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।इस दौरान उद्यान एवं कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
