आजाद समाज पार्टी का कलेक्ट्रेट पर हंगामा
राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग
लखनऊ। आजाद समाज पार्टी ने कलेक्ट्रेट पर हंगामा किया। मथुरा की घटना को लेकर नाराज कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। हाथों में नीला झंडा और 'दलितों पर अत्याचार बंद' के नारे लगाए। प्रदेश सचिव अनिकेत धानुक ने कहा- यूपी में लगातार दलितों पर अत्याचार हो रहा है। ये बेहद अफसोस नाक है।
कलेक्ट्रेट में लगभग एक घण्टे तक आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। अनिकेत धानुक ने कहा है कि विगत 15 दिनों में दलित और अल्पसंख्यकों पर कई हमले हुए हैं। बीते दिनों मथुरा में दो युवतियां पार्लर से वापस आ रही थीं। उनके साथ मारपीट करते हुए कीचड़ फेंका गया। अनिकेत ने कहा है कि आरोपियों के खिलाफ जब कार्रवाई की मांग की गई तो उनके समर्थन में पंचायत लगाकर उन्हें बचाने का प्रयास किया गया। कासगंज में दो लड़कियों का अपहरण करने के बाद उनकी हत्या कर दी गई।
उन्होंने बताया कि बुलंदशहर और मेरठ में दलितों का घोडी से बारात निकालने पर अत्याचार किया गया। मथुरा में नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पर जिस प्रकार हमला हुआ है। वह बेहद निंदनीय है। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। लगातार अपराध बढ़ रहा है। अनिकेत धानुक ने कहा कि लॉ एंड ऑर्डर के अलावा निजीकरण से भी लोग परेशान। विशेष रूप से सफाई कर्मी इसका जबरदस्त विरोध कर रहे हैं। आजाद समाज पार्टी सफाई कर्मियों के साथ है।
टिप्पणियां