लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रदेश भर में चला जांच अभियान
— सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले दर्जनों कोचिंग संस्थान सील
— बिना मानक के पाए जाने पर कानपुर में 30 और अलीगढ़ में नौ शिक्षण संस्थान सील
लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में लगी आग से 15 लाेगाें की जान चली गई है। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद गंभीर है। सरकार के सख्त रुख काे देखते हुए मंगलवार काे प्रदेश भर में अफसराें ने काेचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकाें की सघन जांच की और कमियां मिलने पर दर्जनाें काेचिंग संस्थानाें काे सील किया गया। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
लखनऊ में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड में छात्र—छात्राओं समेत 15 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। अलीगढ़ दौरे को बीच में ही स्थगित कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लखनऊ वापस लौटना पड़ा। घटनास्थल की जांच और घायलों का हालचाल लेने के बाद देरशाम को अधिकारियाें के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इसके बाद शासन ने अधिकारियाें की टीमें बनाकर प्रदेश भर में सभी शिक्षण संस्थानों की जांच के लिए एक सप्ताह तक सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद जिला प्रशासन, फायर बिग्रेड और पुलिस की सयुंक्त टीमों ने लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वराणसी, आगरा, मुरादाबाद और मेरठ, बरेली, बहराइच, अलीगढ़, बुलंदशहर समेत कई बडे महानगरों और जिलों में अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
अभियान के दौरान बिना मानकों और सुरक्षा प्रमाणपत्रों के चलने वाले काेचिंग संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील किया जा रहा है। इसके तहत अलीगढ़ जिले में जांच के दौरान मानकों का पालन न करने और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत न कर पाने पर नौ कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया गया। इनमें क्वार्सी चौराहा स्थित माइंड स्टोन कोचिंग सेंटर, क्वार्सी चौराहा स्थित गुरुकुल सिविल जज स्टडी सेंटर, अब्दुल्ला रोड स्थित प्रेफर्ड कोचिंग सेंटर, अब्दुल्ला रोड स्थित अलीगढ़ कंपटीशन कॉलेज, अब्दुल्ला रोड स्थित शक्ति सर कॉलेज, रामघाट रोड स्थित विंग्स एकेडमी, रामघाट रोड स्थित रेड ऐस कोचिंग सेंटर, रामघाट रोड स्थित बुलंद जहां कोचिंग सेंटर तथा अब्दुल्ला रोड स्थित करियर आईएएस कोचिंग सेंटर शामिल है।
सील किए गये शिक्षण संस्थान
कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) सचिव अभय पांडेय ने बताया कि कोचिंग मंडी से चर्चित शहर के काकादेव में सुरक्षा मानकों की पड़ताल के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटे के भीतर तकरीबन 30 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया। जांच के दौरान कई संस्थान भवन उपयोग, अग्नि सुरक्षा और अन्य अनिवार्य मानकों का पालन करते नहीं मिले।
केडीए ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया है। ये टीमें क्षेत्र की अलग-अलग गलियों और भवनों का निरीक्षण कर रही हैं। प्रयागराज, वाराणसी में भी कई कोचिंग सेंटरों पर कार्रवाई चल रही हैं। इसी तरह बहराइच जिले में नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा,मुख्य अग्निशमन अधिकारी विशाल रामानुज गौड़ जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानन्द ने कोचिंग सेंटरों पर छापा डालकर सुरक्षा मानकों को परखा। इस दौरान दो कोचिंग सेंटर मानकविहीन मिले, जिनक विरुद्ध जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
हाे रही सख्त कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने शहर के सभी कोचिंग सेंटरों और शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा मानकों की गहन जांच का विशेष अभियान शुरू किया है। जांच में सबसे पहले संस्थानों में फायर एनओसी, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और आपातकालीन निकास मार्गों की जांच की जा रही है। कोचिंग का पंजीकरण भी जांचा जा रहा है। कुछ जगहों पर तो यह पाया गया है कि बिना पंजीकरण के ही तमाम कोचिंग और शिक्षण संस्थान चल रहे हैं। ऐसे संस्थानों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही साथ बिना मानकों और सुरक्षा प्रमाण-पत्रों के चलने वाले संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील किया जा रहा है। साेमवार काे बैठक में भी मुख्यमंत्री ने कहा था कि लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
