जौनपुर सिटी स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग, रेल मंत्री ने जांच के दिए निर्देश
सपा सांसद की पहल पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लिया संज्ञान, पत्र भेजकर कहा— मामले की जांच के बाद होगी आवश्यक कार्रवाई
जौनपुर। जनपद जौनपुर के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग तथा जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव को लेकर उठाए गए मुद्दे पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सकारात्मक रुख अपनाया है। रेल मंत्री ने समाजवादी पार्टी के जौनपुर सदर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा को पत्र भेजकर अवगत कराया है कि उनके द्वारा उठाए गए विषय की जांच कराई जा रही है। पत्र में कहा कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस पत्र के सामने आने के बाद जौनपुरवासियों में उम्मीद जगी है कि स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग जल्द पूरी हो सकती है।
जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से क्षेत्रीय जनता उठाती रही है। इसी मांग को लेकर जौनपुर सदर से समाजवादी पार्टी के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने रेल मंत्रालय को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी।
सांसद द्वारा उठाए गए इस जनहित के मुद्दे पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्राप्त पत्र के संदर्भ में मामले का संज्ञान लिया गया है।
सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि जौनपुर की जनता की सुविधाओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को संसद से लेकर संबंधित मंत्रालयों तक लगातार मजबूती से उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग आम नागरिकों, व्यापारियों, छात्रों और यात्रियों की आवश्यकता से जुड़ा विषय है। कहा कि जौनपुर की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर मैंने रेल मंत्रालय के समक्ष जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव का विषय उठाया था।
मुझे खुशी है कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी ने इस मामले का संज्ञान लिया है और जांच के निर्देश दिए हैं। मुझे विश्वास है कि जांच के बाद सकारात्मक निर्णय होगा, जिससे जौनपुर के लाखों यात्रियों को सुविधा मिलेगी। जनहित के इस महत्वपूर्ण विषय पर त्वरित संज्ञान लेने के लिए मैं रेल मंत्री का आभार व्यक्त करता हूं। सांसद ने कहा कि वह आगे भी जनपद जौनपुर के विकास और जनता की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहेंगे, ताकि क्षेत्र को बेहतर रेल सुविधाएं और अन्य विकासात्मक लाभ मिल सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
