घर में घुसकर अभद्रता का आरोप, लेखपाल पर मारपीट व चेन छीनने की शिकायत
पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप; निष्पक्ष जांच कर मुकदमा दर्ज करने की मांग
कौशाम्बी। जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र के टेंवा गांव की एक महिला ने गांव के लेखपाल पर घर में घुसकर अभद्रता, मारपीट, पूजा स्थल की मर्यादा भंग करने, सोने की चेन छीनने और एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़िता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार टेंवा गांव निवासी मुन्नी देवी, पत्नी स्वर्गीय अरुण पाण्डेय ने बताया कि उनकी बहू कैंसर से पीड़ित है, जिसका इलाज मुंबई में चल रहा है। बहू के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर उनके घर में वैदिक ब्राह्मणों द्वारा महामृत्युंजय अनुष्ठान कराया जा रहा था।
पीड़िता का आरोप है कि 3 अगस्त 2026 को दोपहर करीब दो बजे गांव के लेखपाल बसंत लाल अपने साथी श्यामनाथ के साथ उनके घर पहुंचे और बेटे राजेश पाण्डेय के बारे में पूछताछ करने लगे। जब उन्होंने बताया कि उनका बेटा पत्नी के इलाज के लिए धन की व्यवस्था करने गया है, तभी लेखपाल जूते पहने हुए सीधे पूजा स्थल तक पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे। इससे पूजा-पाठ में व्यवधान उत्पन्न हो गया।
महिला का कहना है कि विरोध करने पर लेखपाल ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ीं। आरोप है कि इसी दौरान उनके गले से सोने की चेन भी छीन ली गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित ने पूरे परिवार को एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी और उनके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात कहकर भय का माहौल बनाया।
शिकायती पत्र में महिला ने आरोप लगाया है कि संबंधित लेखपाल अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग कर आम लोगों पर दबाव बनाते हैं तथा अनुसूचित जाति से होने का हवाला देकर एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देते हैं। साथ ही उन्होंने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का भी आरोप लगाया है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर एफआईआर दर्ज कराने तथा दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
