केटीएम ग्राहकों को झटका, दोनों मॉडल में 8 हजार की बढ़ोतरी
केटीएम इंडिया ने बढ़ाईं 390 एडवेंचर सीरीज की कीमतें
केटीएम इंडिया ने अपनी लोकप्रिय 390 एडवेंचर सीरीज की कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनी ने 390 एडवेंचर एस और 390 एडवेंचर आर, दोनों मॉडलों की एक्स-शोरूम कीमत में 8,000 रुपये का इजाफा किया है। नई कीमतों के अनुसार 390 एडवेंचर एस अब 4.05 लाख रुपये, जबकि 390 एडवेंचर आर 3.86 लाख रुपये में उपलब्ध होगी। कीमतों के अलावा कंपनी ने दोनों बाइकों में कोई तकनीकी या डिजाइन संबंधी बदलाव नहीं किया है।
390 एडवेंचर एस को सड़क पर बेहतर राइडिंग अनुभव के लिए तैयार किया गया है। इसमें 21 इंच का फ्रंट और 17 इंच का रियर ट्यूबलेस स्पोक व्हील दिया गया है। साथ ही सस्पेंशन सेटअप को इस तरह ट्यून किया गया है कि इसकी सीट की ऊंचाई 830 मिमी रहे, जिससे यह अधिकतर राइडर्स के लिए सुविधाजनक साबित होती है।
वहीं, 390 एडवेंचर आर को खासतौर पर ऑफ-रोडिंग पसंद करने वालों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इसमें आगे और पीछे 230 मिमी का सस्पेंशन ट्रैवल, मजबूत सस्पेंशन ट्यूनिंग और 880 मिमी ऊंची सीट दी गई है, जिससे कठिन रास्तों पर बेहतर प्रदर्शन मिलता है।
दोनों मोटरसाइकिलों में 398.6 सीसी का सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलता है, जो 45.3 बीएचपी की पावर और 39 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है, जिसमें स्लिपर क्लच और बाई-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर जैसी आधुनिक सुविधाएं भी शामिल हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
