उतरौला में 'या हुसैन' की सदाओ से निकाला गया चेहल्लुम का जुलूस
सुरक्षा के लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
मोहम्मद अय्यूब
उतरौला (बलरामपुर)। मंगलवार को उतरौला, अमया देवरिया व रेहरा माफी में दोपहर बाद कड़ी सुरक्षा के बीच चेहल्लुम का जुलूस निकाला गया। कर्बला के मैदान में इमाम हुसैन व उनके साथियों की शहादत को याद कर शिया समुदाय के लोगों ने नम आंखों से शहीदाने कर्बला को पुरसा दिया।
नौहा ख्वानो के नौहे पर अजादारों ने मातम किया। उतरौला के मोहल्ला सुभाष नगर में मरहूम हाजी तुल्लन हुसैन के इमामबाड़े से चेहल्लुम का जुलूस शाम चार बजे बरामद हुआ। जिसमें शिया समुदाय के लोग काला लिबास पहने नंगे पांव, दर्द भरे नौहे के साथ कमा व जंजीर का मातम किया। इसी जुलूस में अहले सुन्नत उतरौला का जुलूस भी अलम व ताजिए के साथ शामिल रहा। अज़ादारों को जगह-जगह पानी, शरबत, शबील, चाय व फल वितरित किया गया। जुलूस अपने मुख्य मार्ग से होता हुआ बड़ी मस्जिद, ज्वाला महारानी मंदिर, गोन्डा मोड़ होता हुआ कर्बला पहुंचकर शाम करीब सात बजे समाप्त हुआ। जिसमें भारी संख्या में लोग मौजूद थे। कई गांव के लोगों ने भी ताजिया लाकर कर्बला मे दफन किया।

इसी क्रम में उतरौला के ग्राम अमया देवरिया में चेहल्लुम का जुलूस दरगाह हजरत अब्बास अलमदार से शाम चार बजे निकाला गया। जिसमें शिया समुदाय के लोग नंगे पांव काले लिबास में, दर्द भरे नौहे पढ़ने के साथ कमा व जंजीर का मातम कर, इमाम हुसैन को पुरसा दिया। जुलूस में अलम, ताबूत, जुल्जना, व ताजिया के साथ लोगों ने नौहा ख्वानी व सीना जनी की। मातमदारो को जगह-जगह पानी, शरबत, शबील, चाय व फल वितरित किया गया। जुलूस मिशन रोड से होता हुआ डाक बंगला पहुंचा तो माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
यहां पर लगभग एक घंटे तक नौहा ख्वानी कमा व जंजीरी मातम होता रहा। डाक बंगला होते हुए जुलूस कर्बला पहुंचकर लोगों ने ताजिया दफन किया। शाम सात बजे जुलूस समाप्त हुआ। मौलाना ज़ायर अब्बास ने बताया कि दस मोहर्रम को इमाम हुसैन शहीद कर दिए गए थे। जिनकी याद में हम लोग दस मोहर्रम के 40वे दिन शोहदाय कर्बला का चेहल्लुम मनाते है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
