लखीमपुर-खीरी,04 अगस्त (तरुणमित्र)। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में कस्ता विधानसभा क्षेत्र की मितौली तहसील अंतर्गत ग्राम ढखौरा में पूर्व प्रधान शशि प्रताप सिंह के आवास पर संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष आशीष सिंह भदौरिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सर्वसम्मति से शशि प्रताप सिंह को जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष आशीष सिंह भदौरिया ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने बताया कि पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लगातार गांवों का दौरा कर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं तथा युवाओं को संगठन से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी अपनी नीतियों को आमजन तक पहुंचा रही है।बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तरीय समितियों के गठन और आगामी रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमन प्रताप सिंह, जिला मीडिया प्रभारी पवन अवस्थी धीरू, ब्लॉक अध्यक्ष विकास मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष कन्हैयालाल, वीरपाल सिंह, नरेंद्र सिंह सोनू, संदीप सिंह, अमित सिंह तोमर, दीपक माथुर, दिव्यांश ठाकुर, ललित सिंह, अमित सिंह, भोलू सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।