सावन के पहले मंगलवार पर गाजियाबाद में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ
श्रद्धालुओं ने की महाआरती
गाजियाबाद। सावन माह के प्रथम मंगलवार के पावन अवसर पर राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी स्थित श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, महाआरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ कर बजरंगबली का गुणगान किया तथा महाआरती में शामिल होकर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
मंदिर के पुजारी पंडित राजीव मिश्रा ने बताया कि सावन माह में मंगलवार का विशेष धार्मिक महत्व होता है। उन्होंने कहा कि श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में प्रत्येक मंगलवार सायंकाल सामूहिक हनुमान चालीसा का आयोजन किया जाता है, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु श्रद्धापूर्वक भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि हनुमान जी की उपासना से भक्तों के कष्ट दूर होते हैं तथा भगवान शिव और श्री हनुमान जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
हनुमान चालीसा पाठ के उपरांत विधि-विधान से महाआरती संपन्न हुई। आरती के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे मंदिर परिसर में जय श्री राम और जय बजरंगबली के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर दिनेश सिंह, रामोतार वैश्य, सतीश गुप्ता, गौरव बंसल, अरविंद सिंघल, प्रभात गर्ग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने सावन माह में नियमित रूप से धार्मिक आयोजनों में भाग लेने तथा समाज में सद्भाव, भाईचारे और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
