कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे वाहन में करंट उतरने से दो की मौत
सीतापुर में बड़ा हादसा, दो लाेगाें की दर्दनाक मौत
- हाईटेंशन लाइन की चपेट में डीजे के आने से हुआ हादसा
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर में सावन मास के प्रथम सोमवार की सुबह थानगांव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। कांवड़ यात्रा निकालने की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं के दल के साथ दुर्घटना उस समय हुई, जब ग्राम राजापुर क्योटाना के निकट डीजे वाहन हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। करंट फैलने से दाे लाेगाें की माैत हाे गयी। हादसे से अफरातफरी और श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में गुड्डू यादव तथा ग्राम धोरा निवासी संतोष यादव की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं दो अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। ग्राम वासियों के अनुसार गांव में श्रद्धालुओं की एक टीम सुबह 9:00 बजे के आसपास कावड़ यात्रा के प्रति जागरूक और प्रोत्साहित करने के लिए निकली थी उसी दौरान पिकअप वाहन में रखा हुआ डीजे हाईटेंशन तार से टकरा गया
घटना की सूचना मिलते ही थानगांव पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शिव भक्तों एवं श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई और कांवड़ यात्रा का उत्साह मातम में बदल गया।
एसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया हादसा डीजे वाहन के हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से हुआ प्रतीत होता है। आखिर यह लापरवाही कैसे हुई पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
