एसपी सत्यनारायण की सख्ती लाई रंग, साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश
'पैसा डबल' का झांसा देकर लोगों को बनाते थे शिकार, तीन शातिर गिरफ्तार
कौशाम्बी। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना और मंझनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए साइबर ठगी करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपी इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों को पैसा दोगुना करने का लालच देकर ठगी करते थे। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार छोगरिया निवासी शिवबाबू, चक नगर प्रथम निवासी प्रेम प्रकाश तथा पश्चिम शरीरा निवासी गुलाब चंद्र ने अपने बैंक खाते होल्ड होने की शिकायत पुलिस से की थी। इन शिकायतों के आधार पर थाना मंझनपुर में मुकदमे दर्ज किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने टीमों का गठन कर घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे 'साईवज्र (CyVajra)' अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना और मंझनपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं इलेक्ट्रॉनिक अभिलेखों के आधार पर कार्रवाई करते हुए जजौली निवासी निखिल सिंह, तथा फतेहपुर जिले के धाता थाना क्षेत्र के सेमरहटा निवासी आदित्य कुमार और आयुष यादव को खोरा रोड स्थित मजार के पास से गिरफ्तार कर लिया। विवेचना के दौरान सभी मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर लोगों को पैसा दोगुना करने का झांसा देकर साइबर ठगी करते थे। ठगी से प्राप्त रकम को सीधे अपने खातों में लेने के बजाय निर्दोष लोगों के बैंक खातों में जमा कराते थे और बाद में उनसे नकद रुपये ले लेते थे। कई बार दुकानों से खरीदारी कर ऑनलाइन भुगतान भी करते थे।
आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि यदि कोई दुकानदार संदेह करता था तो वे फर्जी आधार कार्ड दिखाकर खुद को कौशाम्बी का निवासी बताते थे, जिससे उनकी असली पहचान छिपी रहे और पुलिस तक आसानी से उनकी पहुंच न हो सके। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मिले साक्ष्यों को जब्त कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में साइबर अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और आमजन से अपील की कि किसी भी तरह के लालच या संदिग्ध ऑनलाइन ऑफर के झांसे में न आएं तथा ऐसी किसी भी घटना की तत्काल साइबर हेल्पलाइन या निकटतम थाने में सूचना दें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
