चेहल्लुम को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी सत्यनारायण ने चक नारा व चक ताम्बा में पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था
संवेदनशील स्थलों का किया निरीक्षण, अफवाहों से बचने और शांति-भाईचारा बनाए रखने की लोगों से की अपील
कौशाम्बी। जिले में आगामी चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने शनिवार को मंझनपुर क्षेत्र के ग्राम चक नारा और ग्राम चक ताम्बा में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी मंझनपुर सौरभ सामंत भी मौजूद रहे।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ निष्पक्ष और प्रभावी पुलिसिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
ये खबर भी पढ़े : रायबरेली: पति-पत्नी ने प्रेमी की हत्या कर घर के भीतर दफ़नाया शव, महिला हिरासत में...एसपी ने स्थानीय लोगों से संवाद कर आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चेहल्लुम पर्व के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। पुलिस लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर निगरानी बनाए रखे, ताकि आमजन को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण मिल सके तथा पर्व सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
