कांवड़ यात्रा-2026: पीडब्ल्यूडी ने 193 किमी मार्ग किए गड्ढामुक्त
श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित बनाया सफर
रामनाथ सिंह
- 6 प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पैच मरम्मत पूरी, यात्रा के दौरान भी रहेगा नियमित निरीक्षण
बिजनौर। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु एवं निर्बाध बनाने के लिए प्रान्तीय खण्ड लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने व्यापक स्तर पर सड़क सुधार कार्य पूरे कर लिए हैं। अधिशासी अभियंता हेमन्त प्रताप सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा से जुड़े सभी प्रमुख मार्गों पर समयबद्ध तरीके से पैच मरम्मत एवं गड्ढामुक्ति अभियान चलाकर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रान्तीय खण्ड बिजनौर के अंतर्गत आने वाले 6 प्रमुख कांवड़ मार्गों-जिनमें 3 राज्य मार्ग और 3 प्रमुख जिला मार्ग शामिल हैं—पर विशेष अभियान चलाकर मरम्मत कार्य कराया गया। इन मार्गों की कुल लंबाई 192.880 किलोमीटर है। यात्रा शुरू होने से पहले सभी मार्गों को पूरी तरह गड्ढामुक्त कर दिया गया है और वर्तमान में उनकी स्थिति संतोषजनक है। इन मार्गों पर कांवड़ियों का आवागमन भी सुचारु रूप से जारी है।
पीडब्ल्यूडी द्वारा जिन प्रमुख मार्गों का सुधार कराया गया, उनमें बदायूं-बिजनौर मार्ग (एसएच-51), बिजनौर-नूरपुर-छजलैट मार्ग (एसएच-76), नहटौर-नूरपुर-अमरोहा-जोया मार्ग (एसएच-77), कोतवाली-नहटौर मार्ग, बालावाली-किरतपुर-नहटौर-चांदपुर-फीना मार्ग तथा बिजनौर-नांगल-नजीबाबाद मार्ग शामिल हैं।
अधिशासी अभियंता हेमंत प्रताप सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान विभागीय अधिकारी लगातार इन मार्गों का निरीक्षण कर रहे हैं। यदि किसी स्थान पर सड़क से संबंधित कोई समस्या सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कांवड़ यात्रा सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
