बेलरायां-खीरी,03 अगस्त(तरुणमित्र)। दुधवा नेशनल पार्क की बेलरायां रेंज में सोमवार को सेवानिवृत्त वन दरोगा जगदीश प्रसाद राना के सम्मान में भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें शॉल, स्मृति-चिह्न और उपहार भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके लंबे और सराहनीय सेवाकाल की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ बेलरायां रेंज के रेंजर आर.के. तिवारी ने सेवानिवृत्त वन दरोगा जगदीश प्रसाद राना को माल्यार्पण एवं उपहार भेंट कर किया। अपने संबोधन में जगदीश प्रसाद राना ने कहा कि कर्तव्यों का मेहनत, लगन और ईमानदारी से निर्वहन करने पर सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने अपने सेवाकाल के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में उत्कृष्ट कार्यों के लिए पार्क प्रशासन द्वारा उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं 51 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई थी। समारोह के दौरान उपस्थित वन अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर रेंजर आर.के. तिवारी, पुलिस चौकी प्रभारी विकास सिंह, रमेश कुमार, वन दरोगा अनिल कुमार श्रीवास्तव, अरुण कुमार, अजीत कुमार, वनरक्षक सुमित कुमार, सुशील कुमार, गरीबालाल सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।