रोजगार योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर डीएम का जोर
कौशाम्बी। जिले में रोजगार के नए अवसर बढ़ाने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने उदयन सभागार में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन की जिला कार्यकारी समिति की बैठक कर रोजगार सृजन से जुड़े कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को तय लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला सेवायोजन अधिकारी से पिछले माह आयोजित रोजगार मेले की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं को रोजगार मिला है, उनका नियमित फॉलोअप किया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे रोजगार से जुड़े हुए हैं और उन्हें किसी प्रकार की समस्या न हो।
बैठक में डीएम ने आईटीआई के प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि उपायुक्त उद्योग के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक युवाओं को मुख्यमंत्री युवा योजना का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि जो युवा अपना स्वयं का रोजगार या उद्योग शुरू करना चाहते हैं, उन्हें योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाए।
जिलाधिकारी ने रोजगार मेले और अप्रेंटिसशिप कार्यक्रमों की लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में कार्यरत विभिन्न संस्थाओं और उद्योगों के साथ समन्वय बनाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।
इसके अलावा जिला ग्रामोद्योग अधिकारी को मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना तथा मुख्यमंत्री माटीकला योजना में भी लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि शासन की रोजगारपरक योजनाओं का लाभ हर पात्र युवा तक पहुंचे और जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा मिले।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
