रामवन गमन मार्ग पर दुर्घटनाएं रोकने की कवायद तेज, 44 में 41 ब्लैक स्पॉट पर पूरे हुए सुरक्षा कार्य
डीएम डॉ. अमित पाल ने सड़क सुरक्षा समिति को महेबा, प्रयागराज एयरपोर्ट-कौशाम्बी मार्ग व प्रमुख सड़कों का निरीक्षण कर जरूरी इंतजाम कराने के दिए निर्देश
कौशाम्बी। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल की अध्यक्षता में उदयन सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर सभी जरूरी सुरक्षा उपाय समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हरवंश सिंह ने बताया कि गठित सड़क सुरक्षा समिति द्वारा रामवन गमन मार्ग पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए 44 स्थान चिन्हित किए गए थे, जहां स्पीड ब्रेकर, साइनेज सहित अन्य सुरक्षा संबंधी कार्य कराए जाने थे। इनमें से 41 स्थानों पर कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष तीन स्थानों पर तेजी से काम कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने सड़क सुरक्षा समिति को रामवन गमन मार्ग के महेबा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रयागराज एयरपोर्ट-कौशाम्बी मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) तथा तहसीलवार ओडीआर और एमडीआर सड़कों का भी निरीक्षण कर जहां आवश्यकता हो, वहां स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर एवं अन्य सड़क सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने को कहा।
डीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। दुर्घटना संभावित स्थलों पर समय रहते प्रभावी सुरक्षा उपाय लागू किए जाएं, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
