टोयोटा की पिकअप ट्रक हाइलक्स अब नए अवतार में पेश, जाने क्या है खास?
नई टोयोटा हाइलक्स लॉन्च, नए लुक और आधुनिक फीचर्स के साथ हुई और दमदार
टोयोटा ने अपनी लोकप्रिय पिकअप ट्रक हाइलक्स को नए अवतार में पेश किया है। नए मॉडल में सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट डिजाइन में देखने को मिलता है। इसमें नई टोयोटा लेटरिंग, बॉडी कलर ग्रिल, पहले से अधिक स्लिम एलईडी हेडलाइट्स और नया बंपर दिया गया है, जिससे इसका लुक अधिक चौड़ा और आकर्षक हो गया है। पीछे की ओर भी हल्के बदलाव किए गए हैं, जो इसकी उपयोगिता को बेहतर बनाते हैं।
केबिन को भी पूरी तरह आधुनिक अंदाज में तैयार किया गया है। इसमें नया डैशबोर्ड, नया स्टीयरिंग व्हील, अपडेटेड सेंटर कंसोल और नए कंट्रोल दिए गए हैं। फीचर्स की बात करें तो इसमें 12.3 इंच की टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 360 डिग्री कैमरा, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) और मल्टी-टेरेन ड्राइव मोड जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
नई हाइलक्स में पहले वाला 2.8 लीटर डीजल इंजन ही दिया गया है, जो 201 बीएचपी की पावर और 500 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन पहले की तुलना में अधिक रिफाइंड महसूस होता है और इसमें कंपन व शोर भी कम है। कंपनी ने अब सभी वेरिएंट में 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स उपलब्ध कराया है, जबकि मैनुअल ट्रांसमिशन का विकल्प हटा दिया गया है।
राइड क्वालिटी में भी सुधार किया गया है। हालांकि बॉडी-ऑन-फ्रेम चेसिस और लीफ स्प्रिंग सस्पेंशन के कारण खाली वाहन में हल्का उछाल महसूस होता है, लेकिन 17 इंच के पहियों और ऊंची साइडवॉल वाले टायरों की बदौलत खराब सड़कों पर पहले से बेहतर आराम मिलता है। ऑफ-रोडिंग के दौरान भी यह पिकअप बेहतरीन प्रदर्शन करती है।
कीमत की बात करें तो नई टोयोटा हाइलक्स की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 31.99 लाख रुपये रखी गई है। पहली बार इसका 4x2 वेरिएंट भी बाजार में उतारा गया है, जबकि टॉप 4x4 वेरिएंट की कीमत 36.69 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। नई हाइलक्स उन ग्राहकों के लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकती है, जो इसे ऑफ-रोडिंग के साथ-साथ लाइफस्टाइल पिकअप ट्रक के रूप में भी इस्तेमाल करना चाहते हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
