कसेंदा मोबाइल लूटकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली
एक और आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद; तीसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
कौशाम्बी। जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के कसेंदा में मोबाइल लूट की वारदात का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए एक और आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद हुआ है। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, एक अगस्त 2026 को कसेंदा निवासी तौसीफ अहमद ने पिपरी थाने में तहरीर देकर बताया था कि 31 जुलाई की रात वह सड़क किनारे खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। तभी प्रयागराज की ओर से बाइक पर आए तीन युवकों ने उसका वीवो वाई-21 मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान दो अगस्त को एक आरोपी को छीना गया मोबाइल बरामद कर जेल भेज दिया गया था।
शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर लगातार कार्रवाई कर रही थी। सोमवार देर रात मनौरी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगे। सूचना पर पिपरी और चरवा थाना पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी की। खुद को चारों ओर से घिरा देख बदमाश बाइक छोड़कर झाड़ियों की ओर भागे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें प्रदीप पुत्र किशन निवासी पनभरा मंदर मोड़, थाना पूरामुफ्ती, जनपद प्रयागराज के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा गया। उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।
पूछताछ में घायल आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर तीन दिन पहले कसेंदा में मोबाइल छीना था। उसने यह भी कबूल किया कि कुछ दिन पहले चरवा थाना क्षेत्र में भी लूट की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें उसका एक साथी पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
