सीडीओ ने जिला महिला चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण
बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने मंगलवार को जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में स्थापित आरओ खराब पाया गया तथा उसके आसपास साफ-सफाई का अभाव मिला। मुख्य विकास अधिकारी ने चिकित्सालय के सभी शौचालयों को क्रियाशील रखते हुए उनकी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतीक्षालय कक्ष, लेबर रूम तथा एसएनसीयू के प्रतीक्षालय के सामने द्वितीय एवं तृतीय तल पर बंद पड़े पंखों को तत्काल चालू कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि लेबर रूम में स्थापित दोनों वातानुकूलित यंत्र संचालित नहीं थे तथा पीएनसी वार्ड के प्रतीक्षालय में मरीजों एवं उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए पंखों का अभाव था।
इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को सभी कमियों का तत्काल निस्तारण कर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा महिला नसबंदी कार्यक्रम की प्रगति बढ़ाने के लिए प्रतिदिन प्रभावी अनुश्रवण करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शोभा अग्रवाल अपने कार्यालय स्टाफ के साथ उपस्थित रहीं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
