यूपी में अगले पांच दिन बारिश के आसार, 7-8 सितंबर को कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी
पूर्वी यूपी में अधिक सक्रिय रहेगा मानसून, कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आगामी पांच दिनों के मध्य बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम का मिजाज बदला रहेगा। सोमवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 7 से 11 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत अधिक रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के 7 सितंबर को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 7 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 7 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की बहुत संभावना जताई गई है।
8 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी हिस्से में कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ने के आसार हैं। इस दिन पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी वर्षा की चेतावनी है। इसके बाद 9 से 11 सितंबर तक प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी रहेगी।
धूप निकलने पर बढ़ेगी उमस
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, वातावरण में नमी पर्याप्त बनी हुई है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर बादल बनने से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां हो सकती हैं। जहां धूप निकलेगी, वहां तापमान बढ़ने के साथ उमस भी परेशान कर सकती है। अगले कुछ दिनों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना है।
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और पेड़, बिजली के खंभे तथा अन्य ऊंची वस्तुओं के नीचे खड़े न हों। किसानों को भी बारिश की संभावना को देखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है। सीएसए के कृषि मौसम विज्ञान प्रकोष्ठ की ओर से भी किसानों को मौसम आधारित कृषि सलाह उपलब्ध कराई जा रही है।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
