शिक्षक दिवस पर आर.सी.सी. पब्लिक स्कूल में छाया उल्लास, शिक्षकों ने खेलों में दिखाया दमखम
बस्ती - शिक्षक दिवस के अवसर पर आर.सी.सी. पब्लिक स्कूल में भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। विभिन्न मनोरंजक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के लिए टग ऑफ वार (रस्साकशी) एवं म्यूजिकल चेयर सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। शिक्षकों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में नवनीत नायक ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी, जबकि महिला वर्ग में श्रीमती प्रीति विजेता रहीं।
वहीं विद्यार्थियों ने भी शिक्षक दिवस के अवसर पर मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नृत्य, गीत एवं अन्य रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त की। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं।इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक शैलेश चौधरी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व का निर्माण कर उन्हें समाज और राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।विद्यालय के प्रधानाचार्य नवनीत दीक्षित ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए उनके समर्पण, मेहनत और योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के अथक प्रयासों से ही विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा एवं संस्कार प्राप्त होते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और खुशी का माहौल बना रहा। समारोह का समापन हर्षोल्लास के वातावरण में हुआ।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
