राजस्थान के पूर्वी और दक्षिणी जिलों में झमाझम बारिश, 10 जुलाई तक भारी वर्षा का अलर्ट
- भरतपुर, धौलपुर, बारां और झालावाड़ में ऑरेंज अलर्ट जारी।
- कई जिलों में 3 इंच तक बारिश दर्ज की गई।
- अलवर, करौली और चित्तौड़गढ़ में जलभराव से जनजीवन प्रभावित।
जयपुर। राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। बुधवार को प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में तेज बारिश का दौर देखने को मिला। भरतपुर और उदयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में तीन इंच तक बारिश हुई, जिससे कई जिलों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अलवर, करौली, चित्तौड़गढ़ और भरतपुर सहित कई शहरों में बारिश के कारण जनजीवन और यातायात प्रभावित रहा।
उदयपुर और सिरोही में देर शाम तक कई स्थानों पर भारी बारिश हुई। लगातार हो रही वर्षा से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है।
मौसम विभाग ने प्रदेश में 10 जुलाई तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। गुरुवार के लिए भरतपुर, धौलपुर, बारां और झालावाड़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर और जालोर को छोड़कर शेष अधिकांश जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
विभाग के अनुसार 11 जुलाई से मानसून की गतिविधियों में कमी आने और बारिश का दौर कमजोर पड़ने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान भरतपुर जिले के बयाना और करौली के मंडरायल में 84 मिलीमीटर (तीन इंच से अधिक) वर्षा हुई।
चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर और निंबाहेड़ा में भी लगभग तीन इंच तक बारिश हुई। इसके अलावा दौसा, धौलपुर, करौली, अलवर तथा कोटा जिले के चेचट क्षेत्र में भी अच्छी बारिश मापी गई।
लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आ गई है। जयपुर, अलवर, टोंक, चित्तौड़गढ़, सिरोही, दौसा, प्रतापगढ़, झुंझुनू, अजमेर और भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
वहीं प्रदेश का सबसे अधिक तापमान जैसलमेर में 41.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। अलवर में तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
वहीं बांसवाड़ा के चेतक कॉम्प्लेक्स में एक भवन की तीन मंजिला सीढ़ियां और उनकी छत ढह गई। हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है। बीकानेर में भी बुधवार शाम हुई तेज बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
