दृढ़ विश्वास, सतत प्रयास और सकारात्मक सोच ही सफलता की असली कुंजी : प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि दृढ़ विश्वास, सतत प्रयास और सकारात्मक सोच ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देश के युवा इन्हीं गुणों के साथ पूर्ण समर्पण भाव से विकसित भारत के निर्माण में जुटे हुए हैं।
उन्होंने आज एक्स पर सुभाषितम् साझा किया, "अनिर्वेदः श्रियो मूलमनिर्वेदः परं सुखम्। अनिर्वेदो हि सततं सर्वार्थेषु प्रवर्तकः॥" इसका अर्थ है कि निराश न होना, हिम्मत बनाए रखना और उत्साह के साथ लगातार प्रयास करते रहना ही समृद्धि का मूल आधार है। यही सच्चे सुख का मार्ग भी है। जो व्यक्ति कभी हतोत्साहित नहीं होता और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर कर्म करता रहता है, वही जीवन के प्रत्येक उद्देश्य में सफलता प्राप्त करता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के युवा दृढ़ विश्वास, अथक परिश्रम और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है। दृढ़ निश्चय और निरंतर प्रयास ही व्यक्ति को सफलता के शिखर तक पहुंचाते हैं।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
