UPI से गलत खाते में चले गए ₹25 हजार, साइबर सेल ने वापस दिलाई पूरी रकम; पीड़ित ने ली राहत की सांस
मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में ड्रमण्डगंज थाना की साइबर सेल टीम ने यूपीआई के माध्यम से गलती से दूसरे खाते में स्थानांतरित हुए 25 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराकर राहत दिलाई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने मीरजापुर पुलिस का आभार जताया।
देवरी दक्षिण निवासी अरुण कुमार चौरसिया ने 20 नवंबर 2025 को थाना ड्रमण्डगंज की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी कि यूपीआई के माध्यम से गलती से 25 हजार रुपये किसी अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए हैं। शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने एनसीआरपी पोर्टल पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी लालगंज के पर्यवेक्षण में ड्रमण्डगंज साइबर सेल ने तकनीकी जांच के दौरान संबंधित धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद एमआरएम पोर्टल की सहायता से पूरी 25 हजार रुपये की राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
राशि वापस मिलने पर अरुण कुमार चौरसिया ने थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम का धन्यवाद दिया। पुलिस ने उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने और अन्य लोगों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने की अपील की।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
