शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी उछले
शुरुआती कारोबार में निवेशकों की खरीदारी से बाजार में लौटी तेजी
- सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 500 अंक से अधिक मजबूत हुआ।
- निफ्टी फिर 24,000 के अहम स्तर के ऊपर पहुंचा।
- एटरनल, सन फार्मा और भारती एयरटेल के शेयरों में अच्छी तेजी।
नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी।
बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक ने कुलांचे भरना शुरू कर दिया। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी 0.68 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियां में से एटरनल, सन फार्मास्युटिकल्स, भारती एयरटेल, मैक्स हेल्थकेयर और नेस्ले के शेयर 3.91 प्रतिशत से लेकर 1.74 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
दूसरी ओर, इंफोसिस, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज, टीसीएस और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शेयर 1.87 प्रतिशत से लेकर 0.90 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,725 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,364 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 361 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 22 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर आठ शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 37 शेयर हरे निशान में और 13 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 72.54 अंक की मजबूती के साथ 76,576.14 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई।
हालांकि बीच बीच में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली के मामूली झटके भी लगते रहे। इसके बावजूद इस सूचकांक की चाल पर कोई विशेष असर नहीं पड़ा।
बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 517.93 अंक की बढ़त के साथ 77,021.53 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 46.90 अंक उछल कर 23,928.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही चौतरफा लिवाली शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई।
हालांकि इस दौरान बिकवाली के मामूली झटके भी लगते रहे, लेकिन खरीदारी का जोर इतना ज्यादा था कि इस सूचकांक की मजबूती लगातार बढ़ती गई।
बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 163.55 अंक की मजबूती के साथ 24,045.60 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 1,677.12 अंक यानी 2.15 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,503.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 516.65 अंक यानी 2.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,882.05 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
