इंदौर में शराब के विवाद में बर्तन व्यापारी की चाकू मारकर हत्या
वारदात के बाद आरोपी फरार
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के भागीरथपुरा इलाके में सोमवार रात एक फुटकर बर्तन व्यापारी की उसके साथी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। दोनों यहां किराए के मकान में रहते थे।
बताया जा रहा है कि रात में दाेनाें ने साथ बैठकर शराब पी, फिर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि साथी ने चाकू निकालकर हमला कर दिया।
बर्तन व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका भाई उसे लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचा, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
घटना सोमवार रात बाबा यादव की गली की है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान राजेश (50) पुत्र लखन सिंह नायक के रूप में हुई है। वह अपने साथी हरिओम पुत्र नाथू बंजारा के साथ किराए के मकान में रहता था .
एसीपी रूबीना मिजवानी के अनुसार, शराब पीने के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर हरिओम ने राजेश पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिवार को जानकारी मिली तो उसका भाई उसे तत्काल एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां इलाज के दौरान राजेश की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। वारदात के बाद से आरोपी हरिओम फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एक साल पहले इंदौर आया था
राजेश मूल रूप से कासगंज, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। वह फुटकर बर्तन बेचकर परिवार का गुजर-बसर करता था। परिजनों के मुताबिक उसकी पत्नी की काफी समय पहले मौत हो चुकी थी। करीब एक साल पहले वह इंदौर आया था और भागीरथपुरा में किराए के मकान में रह रहा था।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
