बाढ़ में फंसे वृद्ध व्यक्ति का सुरक्षित रेस्क्यू, प्रशासन ने बढते जलस्तर पर किया अलर्ट
पलामू। जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के कोलहुआ गांव के समीप कोयल नदी में अचानक जलस्तर में वृद्धि हो गई। इस कारण इसी गांव के सरफुद्दीन अंसारी (70) नदी के बीचों-बीच एक खाली जगह (डीलापर) फंस गए। उन्हें पुलिस व प्रशासन ने गोताखोरों की मदद से तत्काल रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाल लिया और परिजनों को सकुशल सुपुर्द कर दिया।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही मोहम्मदगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की एवं स्थानीय गोताखोरों (मल्हा) की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद सरफुद्दीन अंसारी को सुरक्षित बाहर निकाला लिया गया है।
अनुमंडल पदाधिकारी गौरांग महतो ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जनता को यह आश्वस्त किया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्परता से कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील की कि बाढ़ या नदी के जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सतर्क रहें एवं जोखिम न उठाएं।
एसडीओ ने हुसैनाबाद अनुमंडल के सोन एवं कोयल नदी के तटवर्ती इलाके के लोगों को सतर्क किया है कि वह नदी में न जाएं। उन्होंने कहा है कि किसी कारण अगर अप्रिय घटना घटती है तो तत्काल सूचना स्थानीय थाना, ओपी या प्रखंड कार्यालय में दें।
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी देवरी कला गांव के दर्जनों किसान सोन नदी के डिलापर फंस गए थे। सभी को प्रशासन ने सुरक्षित निकाला था। लगातार बारिश की वजह नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। आम लोगों को मछली मारने व अन्य कार्य के लिए नदी में जाने से परहेज करने का आग्रह किया गया है।
टिप्पणियां