अरुणाचल प्रदेश: भूस्खलन से खाई में गिरी कार , भाजपा नेता समेत तीन की मौत
इटानगर। अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग ज़िले में मिगिंग-टूटिंग सड़क पर, मिगिंग से 3 किलोमीटर दूर एक दुखद सड़क हादसे में आज स्थानीय भाजपा नेता समेत 3 लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ, एक टाटा नेक्सान गाड़ी में पांच लोग सवार होकर टूटिंग जा रहे थे, तभी भूस्खलन की वजह से यह हादसा हुआ। गाड़ी लगभग 200 मीटर गहरी ढलान में जा गिरी, जिससे कई लोगों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान ओट्टू नितिक, बामी नितिक और ओलेक ताली के रुप में हुई है। मृतकों में स्थानीय भाजपा नेता और उसकी पत्नी तथा साली शामिल हैं।
गंभीर रूप से घायल दो लोगों की पहचान जेसेक जोंगकी और पोनुंग नितिक के रुप में हुई है। सड़क बंद होने के कारण घायलों को इलाज के लिए ज़िला अस्पताल यिंगकियोंग नहीं ले जाया गया। इस बीच सेना की मेडिकल टीम ने उनकी देखभाल किया।
घटना के तुरंत बाद, टूटिंग के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर पांडोव परमे और मिगिंग के सर्कल ऑफिसर की देखरेख में बचाव और राहत अभियान शुरू किया गया।
स्थानीय प्रशासन और भारतीय सेना व आईटीबीपी, सिख रेजिमेंट के संयुक्त बचाव और राहत अभियान के ज़रिए तीनों मृतकों के शव को भी बरामद कर लिए गए।
ज़िला प्रशासन, भारतीय सेना, और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर स्थिति पर नज़र रखे हुए है और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दे रहा है। पांडोव परमे ने बताया कि बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो गया और अंतिम संस्कार के लिए शव उनके रिश्तेदारों को सौंप दिए गए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
