संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला शव, पिता ने हत्या का लगाया आरोप
बख्शी का तालाब। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बीकामऊ खुर्द गांव में बुधवार सुबह एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए कुछ रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 05:18 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से बख्शी का तालाब थाने को घटना की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया तो पाया कि,बीकामऊ खुर्द निवासी 45 वर्षीय कुलदीप सिंह का शव उनके घर के पास ही स्थित जमीन पर पाया गया। पुलिस ने तुरंत कानूनी प्रक्रिया शुरू की।शुरुआती तौर पर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है, लेकिन मृतक के पिता नरेंद्र बहादुर सिंह द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में अपने ही सगे संबंधियों पर मारपीट और हत्या का आरोप लगाया है।
नरेंद्र बहादुर सिंह का आरोप है कि, उनके रिश्तेदारों ने पुरानी रंजिश के चलते बीती रात कुलदीप के साथ विवाद किया था। पिता का दावा है कि, आरोपियों ने उनके बेटे को शारीरिक चोटें पहुंचाई और उसके बाद घटना को अंजाम दिया।इस आरोप के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पिता की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के हर संभावित पहलू पर बारीकी से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
बख्शी का तालाब पुलिस के मुताबिक, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। डॉक्टरों के पैनल द्वारा दी जाने वाली रिपोर्ट और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
