महिला थाना प्रभारी की सूझबूझ से दूर हुआ मनमुटाव, थाने में ही रची अमित-मिथिलेश की शादी
बख्शी का तालाब। थाना क्षेत्र में स्थित महिला थाना द्वितीय परिसर में बुधवार को एक अनोखे और भावुक पल का गवाह बना। अमूमन जहां थानों में लोग कानूनी लड़ाई और मुकदमों के लिए आते हैं, वहीं थाना प्रभारी मेनका सिंह के मानवीय प्रयासों से दो परिवार टूटने से बच गए और थाना परिसर ही विवाह मंडप में तब्दील हो गया। आपसी विवाद और गलतफहमियों के कारण जिस रिश्ते में कड़वाहट आ गई थी, वह पुलिस की सूझबूझ भरी काउंसलिंग के बाद फिर से मिठास में बदल गया। नव दंपति ने थाने में ही एक-दूसरे को जयमाला पहनाकर नई जिंदगी की शुरुआत की।
जानकारी के अनुसार, बाराबंकी जिले की रहने वाली एक युवती का विवाह लखनऊ के इटौंजा निवासी युवक अमित के साथ तय हुआ था। शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इसी बीच किन्हीं कारणों से दोनों के बीच तीखा मनमुटाव शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों परिवारों के बीच बातचीत बंद हो गई और रिश्ता टूटने की कगार पर पहुंच गया। इस स्थिति से परेशान होकर युवती ने बख्शी का तालाब महिला थाना द्वितीय की प्रभारी मेनका सिंह से संपर्क किया और अपनी पूरी आपबीती सुनाई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी ने इसे कानूनी विवाद बनाने के बजाय आपसी बातचीत से सुलझाने का फैसला किया।
बुधवार को थाना प्रभारी मेनका सिंह ने दोनों पक्षों के परिजनों और युवक-युवती को थाने बुलाया। शुरुआत में दोनों पक्षों में काफी तनाव था और कोई भी झुकने को तैयार नहीं था। इसके बाद थाना प्रभारी ने दोनों को अलग-अलग बैठाकर लंबी काउंसलिंग की। उन्होंने दोनों को जीवन में आपसी समझ और गुस्से को त्यागने का महत्व समझाया। पुलिस की इस सकारात्मक और ममतामयी काउंसिलिंग का असर यह हुआ कि युवक और युवती अपनी पुरानी बातें और गिले-शिकवे भूलकर एक बार फिर साथ रहने को तैयार हो गए। दोनों के इस फैसले से वहां मौजूद परिजनों के चेहरे पर भी खुशी लौट आई।
ये खबर भी पढ़े : 25 हजार के इनामी बदमाश टिल्लू उर्फ शिवम पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोलीसहमति बनते ही थाना परिसर का माहौल पूरी तरह बदल गया। पुलिस स्टाफ और परिजनों की मौजूदगी में आनन-फानन में माला और मिठाई मंगवाई गई। दोनों ने पुलिसकर्मियों को साक्षी मानकर एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इस दौरान थाने के स्टाफ ने नवविवाहित जोड़े पर फूलों की वर्षा की और मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया। मौके पर मौजूद इटौंजा नगर चौंगवा के प्रधान प्रतिनिधि योगेश शुक्ला ने बताया कि, पुलिस की यह पहल समाज के लिए एक बड़ा संदेश है।
उन्होंने कहा कि थाने में यह रस्म पूरी होने के बाद अब दोनों परिवार अपने घर जाकर पूरे सामाजिक रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ मुख्य विवाह कार्यक्रम संपन्न करेंगे।पुलिस का यह मानवीय चेहरा देखकर वहां मौजूद हर शख्स ने कानून व्यवस्था की सराहना की। इस मौके पर महिला थाने का समस्त स्टाफ और दोनों पक्षों के करीबी रिश्तेदार मौजूद रहे, जिन्होंने इस नए सफर के लिए जोड़े को ढेर सारा आशीर्वाद दिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
