मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर लगा जन चौपाल, महापौर ने सुनी नागरिकों की समस्याएं
अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
लखनऊ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम लखनऊ द्वारा संचालित जन चौपाल अभियान के अंतर्गत आज जोन-2 के तिलकनगर कुंडरी रकाबगंज वार्ड में जन चौपाल का आयोजन किया गया। जन चौपाल महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए।
.jpeg)
चौपाल के दौरान स्थानीय नागरिकों ने हाउस टैक्स, सीवर व्यवस्था, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, नालियों की नियमित सफाई तथा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों से संबंधित समस्याएं महापौर के समक्ष रखीं। महापौर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान क्षेत्रवासियों द्वारा ऐशबाग धोबी घाट से ब्रह्मकुमारी आश्रम तक निर्माणाधीन नाले का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग भी रखी गई। इस पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को नाले के निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए इसे जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए जल निकासी से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
महापौर ने सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, सीवर संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर उपविजेता मध्य विधानसभा रजनीश गुप्ता, पार्षद राजीव बाजपेई , अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, मंडल अध्यक्ष मनोज रस्तोगी, नामित पार्षद रजनीश चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष जितेंद्र राजपूत, पूर्व मंडल संयोजक ब्रजेंद्र बाजपेई, जोनल अधिकारी जोन-2 संजय यादव , नगर अभियंता जोन-2 झिल्लूराम, उद्यान अधीक्षक गंगाराम गौतम एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे। महापौर सुषमा खर्कवाल ने जन चौपाल में प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों के आधार पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
