जंतर-मंतर पर चला ‘रिजर्वेशन हटाओ आंदोलन’, पुलिस ने हिरासत में लिया
दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन
- लोग बैनर, पोस्टर और भगवा झंडे लेकर लगाये नारे
नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 21 अगस्त को ‘रिजर्वेशन हटाओ आंदोलन’ (RHA) से जुड़े लोगों ने जाति आधारित आरक्षण व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और आरक्षण के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग थी कि सरकारी योजनाओं और आरक्षण की पात्रता तय करने में जाति के बजाय आर्थिक आधार को प्राथमिकता दी जाए। प्रदर्शन के दौरान कई लोग बैनर, पोस्टर और भगवा झंडे लेकर पहुंचे।
पुलिस ने नहीं दी थी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, जंतर-मंतर पर किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन, जुलूस या सभा के लिए अनुमति नहीं दी गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी। साथ ही, लोगों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग भी की गई। पुलिस ने प्रदर्शन को लेकर गलत सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी।
रामलीला मैदान के लिए मिली थी अनुमति
पुलिस के अनुसार, ‘रिजर्वेशन हटाओ आंदोलन’ के बैनर तले शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए रामलीला मैदान में एनओसी जारी की गई थी। इसमें शाम 4 बजे तक अधिकतम 500 लोगों के जुटने की अनुमति थी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था के लिहाज से रामलीला मैदान में प्रदर्शन पर उसे कोई आपत्ति नहीं थी।
बताया गया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए लोगों को सोशल मीडिया के माध्यम से जुटाया गया था। प्रदर्शनकारियों के पहुंचने के बाद पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
