महिलाओं से छेड़खानी व जेवर-नकदी छीनने का आरोप, भाकियू ने दिया धरना
भारतीय किसान यूनियन भानू गुट की मासिक बैठक में जा रहे कार्यकर्ताओं सें अभद्रता
सिराज ,मोहनलालगंज संवाददाता
- घटना से नाराज कार्यकर्ताओं ने निगोहां थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग
मोहनलालगंज, लखनऊ। भारतीय किसान यूनियन भानू गुट की मासिक बैठक में जा रहे कार्यकर्ताओं से मेंहदौली के पास मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान महिलाओं से अभद्रता व छेड़खानी के साथ उनके जेवर और नकदी भी छीनी गई। घटना से नाराज कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को निगोहां थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दिया।
किसान नेता पिंटू के मुताबिक, करीब एक दर्जन महिलाओं व पांच पुरुष कार्यकर्ता वाहन से बैठक जा रहे थे। मेंहदौली के पास डीसीएम से रास्ता रोकने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद चालक देशराज समेत अन्य लोगों ने मारपीट की।

आरोप है कि लाठी-डंडों व सरिया से हुई मारपीट में मंजू, रोशनी व सावित्री घायल हो गईं। उन्हें सीएचसी मोहनलालगंज भेजा गया। तहरीर में मंगलसूत्र, झुमकी व नकदी छीनने का भी आरोप लगाया गया है। थाना प्रभारी रवीन्द्र कुमार कनौजिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
