एडीएम ने बाढ़ प्रभावित भुंडी का लिया जायजा
बदायूं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को तहसील दातागंज के बाढ़ प्रभावित ग्राम भुंडी का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति और राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र में बंधों की स्थिति का मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान बंधे सुरक्षित पाए गए, हालांकि अंदर खेतों में कुछ स्थानों पर कटान होने की जानकारी सामने आई। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों पर लगातार नजर रखी जाए। उन्होंने ग्रामीणों की आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उप जिलाधिकारी दातागंज विनोद कुमार सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए अब तक 1000 राहत किट का वितरण किया जा चुका है। जरूरत के अनुसार आगे भी राहत किट वितरित की जाएंगी। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप भी लगाए गए हैं, जहां ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा उप जिलाधिकारी दातागंज ने रामगंगा क्षेत्र का भी निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति और संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
