लखनऊ। शुक्रवार जोन-2 के लेबर कॉलोनी वार्ड स्थित अलीतरंग में सुषमा खर्कवाल ने नगर निगम की कार्यदाई संस्था लायन एनवायरो द्वारा स्थापित पोर्टेबल कंपैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (पीसीटीएस) का उद्घाटन किया।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि पीसीटीएस/एफसीटीएस के निर्माण से शहर में कचरा संग्रहण एवं परिवहन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। नगर निगम का प्रयास है कि स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक तकनीक और बेहतर संसाधनों से मजबूत किया जाए, जिससे शहरवासियों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके। नगर निगम द्वारा शहर में कुल 52 पीसीटीएस/एफसीटीएस बनाए जा रहे हैं, जिनमें से अब तक 26 पीसीटीएस/एफसीटीएस का निर्माण पूरा हो चुका है। इन केंद्रों के माध्यम से कचरे के संग्रहण, संपीड़न एवं परिवहन की व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित किया जा रहा है।
इससे कचरे के परिवहन में सुविधा के साथ ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, माननीय पार्षद अजय दीक्षित, गौरी सांवरिया, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, जोनल अधिकारी जोन-2 मनोज यादव, पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान, जोनल सेनेटरी अधिकारी जोन-2 राम सकल यादव, लायन एनवायरो के एमडी रणधीर सिंह सहित नगर निगम एवं लायन एनवायरो के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।