नहर रोड पर तीन मंजिला भवन को लेकर जांच की मांग
खुर्शीद आलम के भवन पर सिंचाई विभाग की भूमि पर अतिक्रमण का आरोप, फायर एनओसी व स्वीकृत मानचित्र की जांच की मांग
ललितपुर। सदनशाह के पास नहर रोड स्थित केके नर्सिंग होम के सामने खुर्शीद आलम निवासी सदनशाह, ललितपुर द्वारा बनाए गए करीब तीन मंजिला भवन को लेकर जांच की मांग उठी है। इस संबंध में पत्रकार पं. बृजेश तिवारी, निवासी आजादपुरा, ललितपुर ने नियत प्राधिकारी/उप जिलाधिकारी, विनियमित क्षेत्र ललितपुर को प्रार्थना पत्र देकर भवन के निर्माण एवं वहां संचालित व्यावसायिक गतिविधियों की जांच कराने की मांग की है। भवन में दुकान, होटल सहित अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। प्रार्थना पत्र में आशंका जताई गई है कि भवन का निर्माण सिंचाई विभाग की भूमि अथवा नहर से संबंधित भूमि पर अतिक्रमण कर किया गया हो सकता है। शिकायतकर्ता ने राजस्व अभिलेखों के आधार पर मौके की संयुक्त स्थलीय जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही भवन के स्वीकृत मानचित्र, निर्माण अनुमति, भूमि उपयोग तथा विनियमित क्षेत्र के भवन निर्माण नियमों के अनुपालन की जांच कराने का अनुरोध किया गया है। नहर रोड पर भवन के आसपास वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग से यातायात प्रभावित होने की बात भी शिकायत में कही गई है।
फायर एनओसी और सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच
पं. बृजेश तिवारी ने भवन की अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था की जांच की मांग भी की है। उन्होंने संबंधित अग्निशमन विभाग से भवन का स्थलीय निरीक्षण कर फायर एनओसी, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग, सीढ़ियों सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच कराने का अनुरोध किया है यदि जांच में भवन निर्माण अथवा व्यावसायिक संचालन में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित विभागों के समन्वय से नियमानुसार कार्रवाई की जाए। आमजन की सुरक्षा को देखते हुए आवश्यक होने पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन होने तक व्यावसायिक गतिविधियों को प्रतिबंधित करने की मांग भी की गई है। नहर रोड पर पार्किंग से उत्पन्न यातायात समस्या के समाधान तथा जांच के बाद की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने का भी अनुरोध किया है। प्रार्थना पत्र के साथ मौके के भवन के फोटोग्राफ्स भी साक्ष्य के रूप में संलग्न किए गए हैं।
लेखक के बारे में
दिव्यांश शर्मा पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में ललितपुर ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत ‘वॉयस ऑफ लखनऊ’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘दैनिक वृत्तांत’ सहित विभिन्न समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के पद पर कार्य करते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
