तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी की अमेरिकी यात्रा को नही मिली अनुमति
तेलंगाना सरकार ने पहले ही केंद्र को भेजा था पत्र लेकिन केवल ब्रिटेन यात्रा की दी मंजूरी
नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की अमेरिका की प्रस्तावित यात्रा को पद एवं उद्देश्यों के अनुरूप नहीं होने के कारण मंजूरी नहीं दी है।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री की यात्रा का मूल्यांकन अन्य गणमान्य व्यक्तियों की यात्रा की ही तरह राजनीतिक मंजूरी के लिए किया जाता है।
प्रस्तावित कार्यक्रम पद और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप होना चाहिए। इस विशेष मामले में अमेरिका के संबंध में ऐसा नहीं था। ऐसे में उनकी यात्रा को मंजूरी नहीं दी गई। हालांकि उनकी ब्रिटेन यात्रा को मंजूरी मिल चुकी है।तय कार्यक्रम के अनुसार रेवंत रेड्डी ‘तेलंगाना राइजिंग’ प्रतिनिधिमंडल के साथ 20 अगस्त से ब्रिटेन के दौरे पर हैं। उन्हें 23 अगस्त को ब्रिटेन से अमेरिका जाना था, लेकिन अब वह लंदन से सीधे हैदराबाद लौट आएंगे।
उनकी अमेरिकी संस्थानों जैसे हार्वर्ड, एमआईटी और अन्य विश्वविद्यालय के साथ वैश्विक शैक्षणिक भागीदारी के तहत समझौता करने की योजना थी।नियमों के मुताबिक, मुख्यमंत्रियों की विदेशी यात्राओं के लिए विदेश मंत्रालय से मंजूरी लेनी होती है। तेलंगाना सरकार ने मुख्यमंत्री रेड्डी के ब्रिटेन और अमेरिका दौरे को लेकर काफी समय पहले ही केंद्र सरकार को पत्र लिखा था। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने केवल ब्रिटेन यात्रा को मंजूरी दी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
