रेखा गुप्ता ने संभाली दिल्ली की बागडोर

 छह विधायकों ने भी ली मंत्री पद की शपथ

रेखा गुप्ता ने संभाली दिल्ली की बागडोर

  • भाजपा की दिल्ली की सत्ता में 27 साल बाद वापसी
  • नई मुख्यमंत्री और मंत्रियों को प्रधानमंत्री ने दी बधाई

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी की आज दिल्ली की सत्ता में 27 साल बाद वापसी हो गई। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक चुनी गईं रेखा गुप्ता दिल्ली की बागडोर संभालने वालीं नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित भव्य और दिव्य समारोह में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। रेखा गुप्ता ने हिंदी में ईश्वर के नाम पर शपथ ली। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जेड श्रेणी सुरक्षा प्रदान की गई है। उनके घर के बाहर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रेखा गुप्ता के साथ प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इन्द्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को मंत्री पद की शपथ दिलाई। रेखा गुप्ता दिल्ली में मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं। इसके साथ ही वो वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री भी बन गई हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनके अलावा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बने।

दिल्ली भाजपा विधायक दल की बैठक में 19 फरवरी को 50 वर्षीय रेखा गुप्ता को नेता चुना गया। उन्होंने इसके बाद उपराज्यपाल वीके सक्सेना से राज निवास में मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटों पर जीत हासिल कर आम आदमी पार्टी के लंबे शासन का अंत किया है। रेखा गुप्ता ने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से पढ़ाई के दौरान ही छात्र राजनीति में कदम रखा। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से भी जुड़ी रही हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद रेखा गुप्ता को देशभर से बधाइयां मिल रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि दिल्ली के विकास के लिए वे पूरी शक्ति के साथ काम करेंगी और उनका कार्यकाल एक फलदाई कार्यकाल होगा। उन्होंने कहा कि कैंपस की राजनीति, राज्य के संगठन, नगरपालिका प्रशासन और विधायक तथा अब मुख्यमंत्री के तौर पर सक्रियता के साथ काम करते हुए वे जमीनी स्तर से आगे बढ़ी हैं। प्रधानमंत्री ने मंत्री पद की शपथ लेने वाले प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह टीम साहस और अनुभव का संगम है और निश्चित रूप से दिल्ली के लिए सुशासन सुनिश्चित करेगी।

About The Author

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां

Latest News

आज मुख्यमंत्री ने पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रमोद महाजन काे पुण्यतिथि श्रद्धांजलि अर्पित की आज मुख्यमंत्री ने पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रमोद महाजन काे पुण्यतिथि श्रद्धांजलि अर्पित की
भाेपाल । आज 3 मई, शनिवार को पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्वर्गीय प्रमोद महाजन की पुण्यतिथि है। भारतीय जनता पार्टी को...
आज विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री ने कलमकारों को दी बधाई
एसटीएफ ने मादक पदार्थ तस्करों पर किया बड़ा प्रहार
आज राज्यपाल मंगुभाई पटेल ग्वालियर प्रवास पर
डेटा मसले पर ट्रंप प्रशासन जिला अदालत के आदेश के खिलाफ पहुंचा सुप्रीम कोर्ट
आज उप मुख्‍यमंत्री राजेन्द्र शुक्‍ल जबलपुर प्रवास पर
आज विदिशा जिले को केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह  देंगे विकास कार्यों की सौगात