उप्र में आठ जिलों के जिलाधिकारी समेत कई आईएएस का तबादला
लखनऊ । राज्य सरकार ने सोमवार बीती रात को उत्तर प्रदेश में 19 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इसमें कई जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं।
आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रशासनिक अधिकारियों में तबादले का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में सोमवार की देर रात को शासन ने कानपुर, गाजियाबाद, अलीगढ़, रामपुर, अमेठी सहित कई जिलों के जिलाधिकारी समेत कई आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं।
कानपुर के जिलाधिकारी विशाख जी को अलीगढ़ का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वह काफी समय से यहां पर तैनात थे। उनकी जगह पर गाजियाबाद के जिलाधिकारी आरके सिंह को इसी पद पर कानपुर भेजा गया है। बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह को पीलीभीत का जिलाधिकारी, अलीगढ़ के जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह को गाजियाबाद जिलाधिकारी, फर्रुखाबाद के जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह प्रथम को रामपुर भेजा गया है। इसी तरह रामपुर के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदर को जौनपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। जौनपुर के जिलाधिकारी अनुज झा को एसीईओ राज्य निर्वाचन आयोग बनाया गया। श्रम विभाग में तैनात निशा आनंद डीएम अमेठी बनायी गयीं है। राज्य संपत्ति अधिकारी वीके सिंह जिलाधिकारी फर्रुखाबाद बनाए गए हैं।
गाजियाबाद और रामपुर के जिलाधिकारी को चुनाव आयोग में तैनाती के तीन साल की अवधि के मानक के तहत वहां से स्थानांतरण किया गया है। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के विशेष सचिव दिव्यांशु पटेल को मुरादाबाद का नगर आयुक्त और आगरा के मुख्य विकास अधिकारी मनिकनंदन ए. को बरेली विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
About The Author

‘तरुणमित्र’ श्रम ही आधार, सिर्फ खबरों से सरोकार। के तर्ज पर प्रकाशित होने वाला ऐसा समचाार पत्र है जो वर्ष 1978 में पूर्वी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जैसे सुविधाविहीन शहर से स्व0 समूह सम्पादक कैलाशनाथ के श्रम के बदौलत प्रकाशित होकर आज पांच प्रदेश (उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखण्ड) तक अपनी पहुंच बना चुका है।
टिप्पणियां