2 लाख वोट से जीतेगा झाँसी में गठबंधन प्रत्याशी : चंद्रपाल

सपा को मिलेंगी 40 सीटें, अखिलेश भी हो सकते हैं पीएम दावेदार

2 लाख वोट से जीतेगा झाँसी में गठबंधन प्रत्याशी : चंद्रपाल

पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष से तरुणमित्र की ख़ास बातचीत   * सपा कार्यकाल के विकास कार्य अपने बता रहे योगी जी * प्रदेश सरकार के पास विकास का कोई विजन नहीं * प्रदेश महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी के मुहाने पर 

झाँसी। लोकसभा चुनाव 2024 में झाँसी -ललितपुर क्षेत्र का चुनाव भाजपा -इंडिया गठबंधन के बीच कड़े मुकाबले के कारण देशव्यापी चर्चा में आ गया है। यहां से गठबंधन से कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन मैदान में हैं तो भाजपा ने वर्तमान सांसद और उद्योगपति अनुराग शर्मा को ही रिपीट किया है। अनुराग मूलत: व्यवसायी है और 5 साल पहले 2019 में मोदी की आंधी में उन्हें अंतिम क्षणों में टिकट मिला और जीते भी। तब समाजवादी पार्टी दूसरे नंबर पर रही थी। झाँसी के चुनाव को लेकर दैनिक तरुणमित्र ने इंडिया गठबंधन के प्रमुख घटक दल समाजवादी पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष चंद्रपाल यादव, जो लोकसभा व राज्यसभा सदस्य भी रह चुके हैं, से बात की। विगत दिनों उनके सपा नेतृत्व से नाराजगी की खबरें आई थीं और यह भी चर्चा जोरों से आई थीं कि वे जल्द भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं। ज़ब हमने उनका स्पष्टीकरण चाहा तो गठबंधन में झाँसी -ललितपुर सीट कांग्रेस को चले जाने का दर्द तो उनके चेहरे पर छलका लेकिन उन्होंने जल्द इस पर काबू पाते हुए कहा कि वे पार्टी के समर्पित सिपाही हैं और नेतृत्व द्वारा लिए गए हर निर्णय पर साथ हैं। उन्होंने दावा किया कि इंडिया गठबंधन न सिर्फ़ झाँसी सीट जीत रहा है बल्कि प्रदेश में उसकी 40 सीट आ रहीं हैं। उन्होंने कारण गिनाते हुए कहा कि यह चुनाव संविधान बचाने का चुनाव है जिसे भाजपा सरकार बदलना चाहती है। भाजपा सरकार के दस साल के कार्यकाल में महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी बेतहाशा बढ़ी है जिसके कारण हर वर्ग निराश है और इस सरकार से छुटकारा पाना चाहता है। उन्होंने स्वीकार किया कि झाँसी -ललितपुर में कांग्रेस का संगठन कमजोर था लेकिन इंडिया गठबंधन में समाजवादी कार्यकर्त्ता अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए दिनरात एक कर रहे हैं। हम झाँसी ललितपुर लोकसभा में बम्फर जीत हासिल करने जा रहे हैं। समीकरणों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में मोदी लहर के बावजूद सपा प्रत्याशी को पौने पांच लाख वोट मिले थे। इस बार न तो मोदी लहर है न कोई और लहर। मुस्लिम, यादव और पिछड़े वर्ग के लोग बड़ी संख्या में गठबंधन के साथ हैं। भाजपा प्रत्याशी के कार्यकलापों से नाराज बड़ा वर्ग भी गठबंधन को अपने अनुसार समर्थन कर रहा है। इसलिए गठबंधन प्रत्याशी 2 लाख से भी अधिक वोट से जीतेगा। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी 40 से अधिक सीटें प्रदेश में जीतती है तो अखिलेश यादव को सपा कार्यकर्त्ता प्रधानमंत्री की कुर्सी पर देखने को उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अखिलेश यादव सहित सपा सरकारों में जो विकास कार्य हुए हैं, उप्र की योगी और केन्द्र की भाजपा सरकार उसी के बलबूते आगे बढ़ रही है। भाजपा के पास विकास को कोई विजन नहीं है इसलिए प्रदेश पिछड़ेपन और बेरोजगारी के साथ महंगाई के दंश झेल रहा है। उन्होंने सपा के विकास कार्य गिनाते हुए कहा कि गठबंधन सरकार आने के बाद देश में हर वर्ग का विकास होगा और देश आगे बढ़ेगा।

Tags:

About The Author

Related Posts

Latest News