18 साल के होने वाले हैं तो जुड़वा लें मतदाता सूची में नाम
2 और 3 को चलेगा संक्षिप्त पुनरीक्षण का विशेष अभियान
चंदौली। चुनाव को लोकतंत्र का महापर्व कहा जाता है। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक लोग वोट डाल सकें इसके लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने कमर कस ली है। जिले में इसका कार्य जोर-शोर से चल रहा है। जिले भर मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। दो महीने तक विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इन कैंप्स के माध्यम से नए वोटर जोड़े जाएंगे साथ ही जिले के पुराने वोटर्स के समस्याओं को हल किया जायेगा। अब मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 9 दिसंबर तक छूटे हुए या नए वोटर्स को बीएलओ के द्वारा मतदाताओं का पुनरीक्षण कर जोड़ा जाएगा। इस दौरान दावे और आपत्तियां भी ली जाएंगी व उनका निराकरण भी किया जाएगा।
मतदान केंद्रों पर चलेगा विशेष अभियान
पुनरीक्षण की अवधि में मतदाताओं की सुविधा हेतु 2 व 3 दिसम्बर को विशेष अभियान चलाया जायेगा जिसमें समस्त अधिकारी एवं बीएलओ अपने से सम्बन्धित मतदेय स्थलों पर प्रातः दस बजे से सांय चार बजे तक उपस्थित रहकर दावे और आपत्तियां प्राप्त करेगें। लोकतंत्र के महापर्व में कोई भी नागरिक वोट न बनने के कारण वंचित नहीं रहना चाहिए। अधिकारियों के मुताबिक भारत का संविधान सभी व्यस्कों को वोट देने का अधिकार देता है। इसके लिए जरूरी है कि सभी का नाम निर्वाचन नामावलियों में सम्मिलित किया जाए। निर्वाचन आयोग की दिशा निर्देशानुसार जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिले के ऐसे नागरिक जो 1 जनवरी 2024 को 18 वर्ष के हो जाएंगे या हो चुके है और उनका नाम निर्वाचक नामावलियों में सम्मिलित नहीं है ऐसे सभी नागरिक अपना नाम निर्वाचक नामावली में जरूर सम्मिलित करा लें।
टिप्पणियां