जिले की तीन विधानसभाओं में छह लाख 21 हजार 991 मतदाता करेंगे मतदान

जिले की तीन विधानसभाओं में छह लाख 21 हजार 991 मतदाता करेंगे मतदान

धमतरी। विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में तैयारी पूर्ण कर ली गई हैं। 17 नवंबर को जिले की तीनों विधानसभाओं के मतदाता आज अपना अमूल्य मत डालकर नया नेता चुनेंगे। जिले की तीन विधानसभाओं में कुल छह लाख 21 हजार 991 मतदाता हैं। सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। जिले में कुल 753 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जिसमें से 645 ग्रामीण एवं 108 शहरी मतदान केन्द्र हैं। पांच संवेदनशील मतदान केन्द्र हैं।377 मतदान केन्द्रों में वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। जानकारी के अनुसार मतदान के लिए कुल 79 सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए है। मतदान दलों में 3012 अधिकारी-कर्मचारियों को ड्यूटी लगाई गई है। सभी मतदान केन्द्रों में रैम्प, पेयजल, विद्युत व शौचालय की व्यवस्था की गई है। जिले में कुल छह लाख 21 हजार 991 मतदाताओं में से तीन लाख छह हजार 551 पुरूष मतदाता, तीन लाख 15 हजार 430 महिला मतदाता और 10 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। सिहावा विधानसभा कुल 259 मतदान केन्द्रों में से 127 नक्सल प्रभावित हैं। 129 मतदान केन्द्रों में वेबकास्टिंग की व्यवस्था है। 17 मतदान केन्द्र नेटवर्क रहित हैं। यहां कुल एक लाख 93 हजार 317 मतदाता हैं। इसमें 94 हजार 489 पुरूष मतदाता, 98 हजार 826 महिला मतदाता और दो तृतीय लिंग मतदाता हैं। विधानसभा क्षेत्र 57 कुरूद में कुल 237 मतदान केन्द्र हैं, जिसमें से 129 मतदान केन्द्रों में वेबकास्टिंग की व्यवस्था है। यहां कुल दो लाख 8 हजार 655 मतदाताओं में से एक लाख चार हजार 465 पुरूष मतदाता, एक लाख चार हजार 188 महिला मतदाता एवं दो तृतीय लिंग मतदाता हैं।

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 58 धमतरी में कुल 257 मतदान केन्द्र हैं और 129 मतदान केन्द्रों में वेबकास्टिंग की व्यवस्था है तथा नौ मतदान केन्द्र नेटवर्क रहित हैं। यहां कुल दो लाख 20 हजार 19 मतदाताओं में से एक लाख सात हजार 597 पुरूष मतदाता, एक लाख 12 हजार 416 महिला मतदाता और छह तृतीय लिंग मतदाता हैं।

34 प्रत्याशियों का भाग्य इवीएम में बंद होगा
जिले की तीनों विधानसभाओं से कुल 34 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। सिहावा विधानसभा से सात, कुरूद से 15 और धमतरी विधानसभा से 12 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इन प्रत्याशियों के भाग्य का निर्णय 17 नवंबर को इवीएम मशीनों में बंद हो जाएगा। तीन दिसंबर को मतगणना के बाद पता चलेगा कि मतदाताओं ने क्या निर्णय लिया है।

अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें-कलेक्टर
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋतुराज रघुवंशी ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि आइए मनाएं लोकतंत्र का महापर्व और अपने नजदीकी मतदान केन्द्रों में जाकर अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करते हुए लोकतंत्र को सशक्त करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

Tags:

About The Author

Tarunmitra Picture

‘तरुणमित्र’ श्रम ही आधार, सिर्फ खबरों से सरोकार। के तर्ज पर प्रकाशित होने वाला ऐसा समचाार पत्र है जो वर्ष 1978 में पूर्वी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जैसे सुविधाविहीन शहर से स्व0 समूह सम्पादक कैलाशनाथ के श्रम के बदौलत प्रकाशित होकर आज पांच प्रदेश (उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखण्ड) तक अपनी पहुंच बना चुका है।