आज बंगाल के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं का भी अनुमान
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में रविवार को मौसम मुख्य रूप से बादलों से घिरा रहेगा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के कोलकाता केंद्र के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र अगले 48 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है।
इसके प्रभाव से बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा और बांकुड़ा में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी है।
कोलकाता, हुगली और हावड़ा में बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। कोलकाता में आज भारी बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तर 24 परगना दक्षिण और दक्षिण 24 परगना में भी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। दक्षिण 24 परगना में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में आज बारिश का असर अधिक रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। विशेषकर पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना में तेज हवाओं को लेकर सावधानी बरतने को कहा गया है।
बांकुड़ा और पुरुलिया में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। पश्चिम बर्दवान में भी बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने का अनुमान है।
उत्तर बंगाल के सभी जिलों में आज कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिमपोंग, कूच बिहार, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में कहीं-कहीं तेज हवा और आकाशीय बिजली के साथ बारिश की संभावना है।
जलपाईगुड़ी में सोमवार को एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग और अलीपुरदुआर में अगले दो-तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
बारिश और बादलों के कारण तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है। कोलकाता में आज अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वातावरण में नमी अधिक रहने से उमस बनी रह सकती है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
