बंगाल में बदला मौसम, उत्तर में भारी बारिश का अलर्ट
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग और क्षेत्रीय मौसम केंद्र के अनुसार गुरुवार को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग-अलग प्रभाव देखने को मिलेगा।
उत्तर बंगाल के पहाड़ी और सीमावर्ती जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि दक्षिण बंगाल में बादल छाए रहने के साथ उमस और गरज-चमक के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
राज्य में आज अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। आर्द्रता 78 से 85 प्रतिशत तक रहने के कारण दक्षिण बंगाल के कई जिलों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।
उत्तर बंगाल में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। नेपाल और भूटान की सीमा से लगे इलाकों में बारिश का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है।
अलीपुरदुआर और जलपाईगुड़ी में अत्यंत भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। इन जिलों में सात से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा हो सकती है।
दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, सिलीगुड़ी, कूचबिहार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में तेज हवा और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना है।
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। वहीं निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
दक्षिण बंगाल में कोलकाता समेत हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
दोपहर के बाद कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के बावजूद वातावरण में उमस बनी रहने की संभावना है।
तटीय जिलों पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना में तेज हवा के साथ बारिश के आसार हैं। पश्चिम मेदिनीपुर में भी स्थानीय स्तर पर गरज वाले बादल बनने और बौछारें पड़ने की संभावना है। पुरुलिया, बांकुड़ा और झाड़ग्राम में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, नदिया और मुर्शिदाबाद में शाम के समय छिटपुट बारिश और वज्रपात की आशंका है। मौसम विभाग ने किसानों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।\
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
