IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद दिया इस्तीफा
IIT दिल्ली और IIM बेंगलुरु से पढ़ाई के बाद लंदन में की नौकरी, देश की मिट्टी का कर्ज चुकाने भारत लौटी थीं दिव्या
लखनऊ। 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने करीब 13 वर्षों की प्रशासनिक सेवा के बाद अपनी इच्छा से पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा कर अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने अपनी प्रशासनिक यात्रा के दौरान मिले अनुभवों और आम लोगों से मिले स्नेह को भी याद किया।
दिव्या मित्तल ने अपने संदेश में बताया कि वह साधारण परिवेश में पली-बढ़ीं, लेकिन बेहतर जीवन का सपना देखा। उन्होंने कड़ी मेहनत कर आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरु से पढ़ाई की। इसके बाद उन्हें लंदन में नौकरी मिली। हालांकि, विदेश में रहते हुए उन्हें अपने देश से दूर होने का खालीपन महसूस होता रहा।
उन्होंने कहा कि उनकी शिक्षा, आत्मविश्वास और दुनिया में कहीं भी सिर उठाकर चलने की क्षमता उन्हें देश की मिट्टी से मिली है। इसी भावना के चलते वह भारत लौटीं और आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करने का अवसर मिला।
उन्होंने अपनी सेवा के दौरान देवरिया और मीरजापुर में मिले अनुभवों और लोगों से मिले स्नेह को भी याद किया। उन्होंने कहा कि पद भले ही छूट गया है, लेकिन देश की मिट्टी से मिला सपना जीवनभर उनके साथ रहेगा।दिव्या मित्तल वर्तमान में राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं। इससे पहले वह देवरिया की जिलाधिकारी थीं। 6 मई को उन्हें देवरिया डीएम के पद से हटाया गया था।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
