रायबरेली में बाइक ले जाने की जिद पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, चाचा-चाची समेत कई पर FIR
खेत में लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोटें
कुल्हाड़ी से हमले की भी आशंका
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में बाइक ले जाने की जिद को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि 24 वर्षीय युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना खीरों थाना क्षेत्र के एकौनी गांव की है। आरोप है कि चाचा, चाची, चचेरे भाई समेत परिवार के अन्य लोगों ने खेत में युवक पर लाठी-डंडों से हमला किया। मारपीट में युवक के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। उसके शरीर पर चोटों के निशान देखकर पुलिस ने कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की आशंका भी जताई है।
मृतक की पहचान एकौनी गांव निवासी चंद्रलाल के बेटे शिवबाबू (24) के रूप में हुई है। वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक को लेकर दोपहर में हुआ था विवाद
बताया गया कि शुक्रवार दोपहर शिवबाबू अपने चाचा चंद्रपाल की बाइक लेकर कहीं जाने लगा था। चंद्रपाल ने उसे बाइक ले जाने से मना किया और कहा कि उन्हें खुद कहीं जाना है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि चाचा समेत परिवार के अन्य लोगों ने शिवबाबू की पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया।
विवाद की सूचना मिलने पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया। हालांकि, परिजनों के अनुसार इसके बाद भी दोनों पक्षों के बीच देर शाम तक कहासुनी होती रही।
रात में खेत में फिर भिड़े दोनों पक्ष
बताया गया कि रात में चंद्रपाल गांव से बाहर अमित सिंह के खेत में बटाई पर ली गई सब्जी की फसल की रखवाली करने चले गए। रात करीब 12 बजे शिवबाबू भी खेत में पहुंच गया। इसी दौरान दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया।
विवाद की जानकारी मिलने पर परिवार के कई लोग लाठी-डंडे लेकर खेत में पहुंच गए। आरोप है कि वहां शिवबाबू को घेरकर बेरहमी से पीटा गया। मारपीट में उसके सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि हाथ और पैरों की कई हड्डियां टूट गईं। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस दौरान शिवबाबू का चाचा चंद्रपाल भी घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
'पानी पिला दो...' कहकर मदद मांगता रहा शिवबाबू
घटना को लेकर ग्रामीणों ने बेहद गंभीर जानकारी दी है। घटनास्थल के आसपास बने मचान पर मौजूद लोगों के मुताबिक, चंद्रपाल को जब लोग बाइक से वहां से लेकर चले गए, उसके करीब एक घंटे तक शिवबाबू खेत में पड़ा रहा। बताया जा रहा है कि वह दर्द से कराहते हुए 'पानी पिला दो... पानी पिला दो...' कहकर मदद की गुहार लगाता रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद डर के कारण कोई भी उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। लोगों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते शिवबाबू को अस्पताल पहुंचाया जाता तो संभव है उसकी जान बचाई जा सकती थी।
परिजनों ने घर पहुंचकर बताई दूसरी कहानी
परिजनों के अनुसार, मारपीट के बाद शिवबाबू के बड़े भाई रामबाबू, चाची सविता और चचेरे भाई अमृतलाल उर्फ मन्नू घायल चंद्रपाल को लेकर घर पहुंचे। बताया गया कि शिवबाबू मारपीट के बाद कहीं भाग गया है।
मृतक के पिता चंद्रलाल भी आरोपी चाचा चंद्रपाल के साथ अस्पताल चले गए। सुबह करीब 7:30 बजे रिश्तेदारों के जरिए चंद्रलाल को बेटे की मौत की जानकारी मिली। यह सुनते ही वह अस्पताल से गांव लौटे और बेटे का शव देखकर बिलख पड़े।
घटनास्थल पर मिले गंभीर चोटों के निशान
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटनास्थल पर घास काफी हद तक साफ हो गई थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि शिवबाबू और हमलावरों के बीच काफी देर तक संघर्ष हुआ था।
शिवबाबू के पैरों की हड्डियां टूटने के साथ ही हाथों और सिर पर भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। चोटों की गंभीरता को देखते हुए वारदात में कुल्हाड़ी के इस्तेमाल की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
चाचा-चाची समेत तीन नामजद
खीरों थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, मृतक के पिता चंद्रलाल की तहरीर पर चाचा चंद्रपाल, चाची सविता, चचेरे भाई अमृतलाल उर्फ मन्नू और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी आलोक सिंह और सीओ लालगंज सुजीत कुमार राय फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के बाद सोशल मीडिया पर मारपीट का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में शिवबाबू की पिटाई उसका बड़ा भाई भी करता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस वीडियो की भी जांच कर सकती है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और वायरल वीडियो समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
