झाड़ग्राम: बालू खदान कर्मियों पर फायरिंग, दो युवक गंभीर घायल; हमलावर फरार
पुलिस हमले के कारण और आरोपितों की पहचान में जुटी है
- घटना बिनपुर थाना क्षेत्र के बेतकुंदरी इलाके में हुई।
- घायल युवकों की पहचान अमित मंडल और शुभदीप घोष के रूप में हुई।
- दोनों लालगढ़ क्षेत्र की बालू खदान में काम करते हैं।
झाड़ग्राम। जिले में रविवार रात बालू खदान के दो कर्मियों पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को झाड़ग्राम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में भय और चर्चा का वातावरण बन गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल युवकों की पहचान अमित मंडल और शुभदीप घोष के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दुबराजपुर थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर के निवासी हैं और लालगढ़ थाना क्षेत्र के एक बालू खदान में कार्यरत हैं।
रविवार रात दोनों युवक मोटरसाइकिल से खदान से झाड़ग्राम शहर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बिनपुर थाना क्षेत्र के बेतकुंदरी इलाके में सड़क पर एक फूलों का गुलदस्ता पड़ा दिखाई दिया।
दोनों जैसे ही वाहन रोककर गुलदस्ता उठाने पहुंचे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और उनसे नाम, परिचय तथा कार्य के संबंध में पूछताछ करने लगे।
घायलों के अनुसार, परिचय जानने के बाद बदमाशों ने उन्हें वहां से चले जाने के लिए कहा। जैसे ही उन्होंने मोटरसाइकिल चालू की, हमलावरों ने पीछे से उन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस घटना में शुभदीप घोष के पीठ और बाएं पैर में तथा अमित मंडल के बाएं पैर में गोली लगी।
गोलीबारी के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तथा उनके परिचित घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों को तत्काल झाड़ग्राम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया।
सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच आरंभ कर दी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमले के पीछे क्या कारण था, हमलावर कौन थे तथा घटना का किसी अन्य मामले से कोई संबंध है या नहीं।
घायल अमित मंडल ने बताया कि उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि आखिर किस कारण से उन पर हमला किया गया। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
